2024-12-04 15:12:42
महाराष्ट्र : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले बुधवार को कोर कमेटी की बैठक में फडणवीस के नाम पर मुहर लगी। भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और फडणवीस मौजूद थे। भाजपा ने सीतारमण और रूपाणी को पार्टी की महाराष्ट्र विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। विधायक दल की बैठक से पहले भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा था कि महायुति के सहयोगी दल बुधवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को हुए चुनाव में भाजपा ने भारी सफलता हासिल की और राज्य की 288 विधानसभा सीट में से 132 सीट हासिल की, जो राज्य में उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल का नेतृत्व करने के लिए निर्वाचित देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को विधानसभा चुनावों को ऐतिहासिक करार दिया और चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक हैं तो सुरक्षित हैं के नारे को दोहराया तथा कहा कि मोदी है तो मुमकिन है। फडणवीस के कार्यालय से प्राप्त शपथ ग्रहण समारोह के आधिकारिक निमंत्रण पत्र में कहा गया है कि वह 5 दिसंबर को शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में मुंबई के आजाद मैदान में राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए भावी मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित सभी नेताओं और विधायकों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने सर्वसम्मति से उन्हें महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल का नेता चुना। उन्होंने कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एनडीए नेता रामदास अठावले का भी आभार व्यक्त किया।