मध्य भारत में अगले 2 दिनों तक घना कोहरा और शीतलहर की संभावना

सुबह और शाम को घना कोहरा छाया रह सकता है। शुक्रवार को सुबह पालम एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी शून्य पहुंच गई।
News

2025-01-04 13:26:36

नई दिल्ली :दिल्ली-एनसीआर में सर्दी का सितम जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक शीतलहर जारी रहेगी। सुबह और शाम को घना कोहरा छाया रह सकता है। शुक्रवार को सुबह पालम एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी शून्य पहुंच गई। हाईवे पर चलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, ट्रेन और हवाई जहाज से सफर करने वालों को भी घंटों इंतजार करना पड़ा। रेलवे के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली आने और यहां से रवाना होने वाली कुल 41 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों विलम्बित हुईं। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक शीतलहर बरकरार रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत में अगले 4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा और अगले 2-3 दिनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। पश्चिम भारत में अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, गुजरात राज्य को छोड़कर जहां अगले 3 दिनों के दौरान कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में 03 और 4 जनवरी को शीत दिवस की स्थिति बने रहने की संभावना है। शुक्रवार को दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि ज्यादातर जगह स्मॉग एवं मध्यम से घना कोहरा रहेगा। घने कोहरे की वजह से विजबिलिटी कम हो गई है । इसके कारण राजधानी से आने-जाने वाली 41 ट्रेनों के परिचालन में देरी हुई। ट्रेनों के लेट होने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। देरी से रवाना होने वाली ट्रेनों में दिल्ली सराय रोहिला-जोधपुर एक्सप्रेस, सोगरिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस, भुवनेश्वर दुरंतो एक्सप्रेस शामिल हैं। देरी से दिल्ली पहुंचने वाली ट्रेनों में फरक्का एक्सप्रेस, श्रम शक्ति एक्सप्रेस, कालिंदी एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा विमानन कंपनियों ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। आने वाले दो दिनों में ठंड का कहर और बढ़ सकता है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके कारण जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। दिल्ली में आठ जनवरी तक कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि छह जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion