2025-01-12 16:26:24
नई दिल्ली : दिल्ली में शनिवार को बारिश हुई, जिसके बाद ठिठुरन और बढ़ गई। बारिश का ये दौर रात तक चला। हालांकि, रविवार को हल्की बूंदाबादी ही देखने को मिली। आकाश में बादल छाए हुए हैं, जिस वजह से आज धूप नहीं खिली। शनिवार को राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामन्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में 13 और 14 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में भीषण ठंड और घने कोहरे का दौर जारी है। इस बीच शनिवार दोपहर के बाद देश की राजधानी दिल्ली के साथ आस पास के क्षेत्रों में बारिश ने ठिठुरन और बढ़ा दी। रविवार की सुबह दिल्ली में घना कोहरा देखने को मिला है। दरअसल, पिछले दिनों मौसम विभाग ने बताया था कि दक्षिण-पश्चिम ईरान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो भारत की ओर बढ़ रहा है। इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश देखने को मिली। अब एक बार फिर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 15 और 16 जनवरी को देखने को मिलेगा।