2025-03-29 21:17:49
अलीगढ़/ चण्डौस । कस्बा में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस बल की दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से चण्डौस थाना परिसर में शुक्रवार को व्यापक शस्त्राभ्यास किया गया। यह अभ्यास सीओ गभाना संजीव तोमर की निगरानी में संपन्न हुआ, जिसमें पीएसी बल और थाना पुलिस के जवानों ने भाग लिया। शस्त्राभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों ने आधुनिक हथियारों को चलाने, खोलने और बंद करने का अभ्यास किया। इसके अलावा, जवानों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने की रणनीतियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में अनुशासन और सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है। *समय-समय पर होता है शस्त्राभ्यास* इस मौके पर कोतवाल चण्डौस हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस बल को अद्यतन तकनीकों से अवगत कराने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के अभ्यास कराए जाते हैं। उन्होंने कहा, शस्त्राभ्यास से पुलिसकर्मियों की क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, जिससे वे किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में बेहतर ढंग से कार्य कर सकते हैं। *कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर दिया जोर* सीओ गभाना संजीव तोमर ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए पुलिसकर्मियों को न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय के साथ सुरक्षा चुनौतियां बदल रही हैं, इसलिए पुलिस बल को भी अपनी क्षमताओं को लगातार बढ़ाने की जरूरत है। *जवानों में दिखा उत्साह* शस्त्राभ्यास के दौरान पुलिसकर्मी काफी उत्साह में नजर आए। उन्होंने पूरी गंभीरता और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण लिया। अभ्यास में शामिल पुलिसकर्मियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर प्रोत्साहित भी किया गया। इस तरह के अभ्यास से न केवल पुलिस बल की दक्षता बढ़ती है, बल्कि आम जनता में भी यह विश्वास उत्पन्न होता है कि पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। इस मौके पर उपनिरीक्षक हरिओम चाहर, बृजवीर सिंह, एसआई आकाश कुमार, नितिन कुमार, महिला उपनिरीक्षक प्रीति रानी, हैड कांस्टेबल हरिओम बाबू,कांस्टेबल देवेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।