2026-08-04 05:15:50
स्वार (रामपुर)। कथित ऑनलाइन बाल यौन शोषण सामग्री (CSAM) से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम स्वार पहुंची और करीब दो घंटे तक स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ जांच के विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया। सूत्रों के अनुसार, टीम ने पहले से एकत्र डिजिटल साक्ष्यों और विवेचना की प्रगति पर चर्चा की तथा मामले से जुड़े अन्य संभावित लिंक की जानकारी जुटाई। इस दौरान आरोपी अली रजा के घर पर कोई नई तलाशी या कार्रवाई नहीं की गई। उल्लेखनीय है कि जून के अंतिम सप्ताह में सीबीआई ने रसूलपुर क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी के लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए थे तथा बाद में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। यह मामला डार्क वेब पर कथित बाल यौन शोषण सामग्री (CSAM) अपलोड किए जाने के आरोपों से जुड़ा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।