2025-04-03 21:12:58
सुमेरपुर हमीरपुर। कस्बे के डायट मार्ग पर नगर पंचायत की तेजरफ्तार कूड़ा गाड़ी ने खेतों से लौट रहे किसानों की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार दो किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कूड़ा गाड़ी का चालक गाड़ी खड़ी करके फरार हो गया। कस्बे के डायट मार्ग में केंद्रीय विद्यालय के समीप नगर पंचायत का कूड़ा डंपिंग यार्ड बना हुआ है। कस्बे से कूड़ा लेकर गाड़ियां वहां पर जाकर कूड़ा खाली करती हैं। दोपहर करीब एक बजे नगर पंचायत की कूड़ा गाड़ी कूड़ा लेकर जा रही थी। तेज रफ्तार गाड़ी ने खेतों से लौट रहे चांद थोक निवासी किसान तौफीक 30 वर्ष एवं अशोक उर्फ बिल्ली यादव 32 वर्ष की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों किसानों को गंभीर चोटे लगी हैं। दोनों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। तौफीक के बाएं हाथ में फैक्चर हुआ है। उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया है।