संविधान गौरव अभियान चलाकर कांग्रेस की पोल खोलेगी भाजपा सुरेन्द्र आर्य

जिला कार्यालय में 17 को सांसद चाहर एवं मंत्री बेदी करेंगे शिरकत-
News

2025-01-16 17:12:20

हिसार : भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से संविधान गौरव अभियान चलाया जाएगा। देशभर में चलने वाले इस अभियान के तहत पार्टी की ओर से बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित करके बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। भाजपा प्रदेश सचिव एवं अभियान के प्रदेश सह संयोजक सुरेन्द्र आर्य ने भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जनता को जागरूक करते हुए यह बताया जाएगा कि भाजपा ने सही मायने में बाबा साहेब व संविधान का सम्मान किया है। जो कांग्रेस आज भाजपा पर संविधान समाप्त करने का आरोप लगा रही है, उसकी असलियत भी जनता को बताई जाएगी कि किस प्रकार कांग्रेस ने अपने फायदे के लिए संविधान में संशोधन करके इसका अपमान किया। यही नहीं, कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न तक नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। उनको भारत रत्न भी भाजपा समर्थिक वीपी सिंह की सरकार में दिया गया। सुरेन्द्र आर्य ने बताया कि 17 जनवरी को हिसार के पार्टी कार्यालय में संविधान जागरूकता कार्यक्रम होगा, जिसमें सांसद एवं किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर मुख्य वक्ता होंगे। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी जो अभियान के प्रदेश संयोजक है, वे इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर संचालन के लिए कमेटी बना दी गई है, जिसके संयोजक जिला उपाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू होंगे। उनके साथ विक्रम कासनिया, कुलदीप गौतम व सियाराम रावतखेड़ा को सह संयोजक लगाया गया है। उन्होंने बताया कि 17 जनवरी को जिला कार्यालय में मुख्य कार्यक्रम होने के बाद मंडल व बूथ स्तर पर चलेगा। उन्होंने बताया कि देशभर में 3 जनवरी से यह अभियान शुरू हो चुका है जो 25 जनवरी तक चलेगा। पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम के जिला संयोजक रणधीर सिंह धीरू, जिला महामंत्री आशीष जोशी, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, सह मीडिया प्रभारी विक्रम कासनिया व राजकुमार शर्मा तथा अनिल गोदारा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Readers Comments

Post Your Comment here.
Characters allowed :
Follow Us


Monday - Saturday: 10:00 - 17:00    |    
info@anupamsandesh.com
Copyright© Anupam Sandesh
Powered by DiGital Companion