2025-03-23 20:02:54
आज चैत्र माह की कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि, रविवार को 1008 मूलनायक आदिनाथ भगवान, जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर का पावन जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव दिगंबर जैन समाज, हिसार द्वारा धूमधाम से मनाया गया। दिगंबर जैन पंचायत हिसार के अध्यक्ष संजीव जैन सीए ने बताया कि इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए एक सप्ताह पहले से ही रूपरेखा तैयार कर दी गई थी और पूरे समाज को अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। प्रातः 6:30 बजे से ही मंदिर प्रांगण भक्तों से भरना प्रारंभ हो गया था। बड़ी संख्या में जैन धर्म अनुयायी दिगंबर आमनाय से पालकी यात्रा में शामिल हुए। आज दिगंबर जैन बड़ा मंदिर के मूलनायक आदिनाथ भगवान के जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव पर पालकी शोभायात्रा भक्तों द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों से निकाली गई। दिगंबर जैन पंचायत हिसार के कोषाध्यक्ष नवीन जैन ने बताया कि पालकी केवल शोला के वस्त्र, यानी मंदिर के शुद्ध वस्त्र पहनकर ही, नंगे पांव केवल पुरुष वर्ग द्वारा उठाई जाती है। पालकी यात्रा पूर्ण होने के पश्चात मंदिर पहुंचकर महिला मंडल द्वारा मंगल आरती की गई और उसके बाद सोने एवं रजत की झारियों से शांति धारा की गई। पुनीत जैन, सौरभ जैन के परिवार द्वारा प्रथम झारी, विवेक जैन, निर्मल जैन द्वारा द्वितीय एवं प्रदीप जैन, शुभम जैन के परिवार द्वारा तृतीय शांति धारा करने का सौभाग्य प्राप्त किया गया। नवीन जैन ने बताया कि संध्याकालीन कार्यक्रम में भक्तामर पाठ हुआ और इसके बाद 48 दीपकों से महाअर्चना की गई।