2026-03-14 17:40:41
रेवाड़ी, 13 मार्च। डीसी अभिषेक मीणा ने पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के आगामी चुनाव को लेकर शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा चुनाव आयोग ए. श्रीनिवास ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) के माध्यम से इन चुनाव के संबंध में की जा रही तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि आगामी 18 मार्च को होने वाले पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल चुनाव के लिए जिला में 5 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें से 4 बूथ रेवाड़ी और एक बूथ कोसली में बनाया गया है। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चुनाव को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी चुनाव आयोग हरियाणा की हिदायतों के अनुरूप जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी और सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार चुनाव अजय यादव और मास्टर ट्रेनिंग इंचार्ज डा. विजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।